झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय महासचिव रॉकी शेख ने चौक को ऐतिहासिक स्मारक के रूप में विकसित करने की उठाई मांग
गिरिडीह। शहर के डॉ. मौलाना आजाद चौक के जीर्णोद्धार और भव्य सौंदर्याकरण की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय महासचिव रॉकी शेख ने नगर आयुक्त और उपायुक्त को आवेदन सौंपकर चौक के विकास की मांग की है।
आवेदन के माध्यम से उन्होंने चौक को ऐतिहासिक स्मारक के रूप में विकसित करने, वहां आधुनिक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और इसके लिए विशेष विकास योजना तैयार करने की मांग की। साथ ही उन्होंने चौक के जीर्णोद्धार और सौंदर्याकरण के लिए पर्याप्त बजट आवंटित करने का आग्रह किया।
मौलाना आजाद के योगदान को मिले सम्मानजनक पहचान
रॉकी शेख ने कहा कि मौलाना अबुल कलाम आजाद स्वतंत्रता सेनानी, महान शिक्षाविद् और देश के प्रथम शिक्षा मंत्री थे। देश की आजादी और शिक्षा के क्षेत्र में उनके ऐतिहासिक योगदान को देखते हुए चौक को आकर्षक और गरिमामय स्वरूप दिया जाना चाहिए।
उन्होंने प्रशासन से इस दिशा में जल्द पहल करने की अपील की, ताकि चौक को शहर के एक प्रमुख ऐतिहासिक और सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जा सके।
इस मौके पर मुजाहिद आलम, इमरान अंसारी, ताजुद्दीन अंसारी, तबरेज और अफरोज समेत अन्य लोग मौजूद थे।
