रांची। राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में एक बंद निर्माणाधीन मकान के कमरे से युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना तेतरी टोली की है, जहां मकान के एक बंद कमरे से युवक का सिर धड़ से अलग शव मिला। शव की स्थिति देखकर अंदेशा जताया जा रहा है कि युवक की मौत कई दिन पहले हुई होगी और शव लंबे समय से कमरे में पड़ा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, तेतरी टोली स्थित एक निर्माणाधीन मकान काफी समय से बंद था। इसी मकान के एक कमरे में युवक का शव बरामद किया गया। शव पूरी तरह सड़-गल चुका था। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि युवक का सिर धड़ से अलग था। शव की भयावह स्थिति को देखते हुए शुरुआत में हत्या की आशंका जताई जाने लगी।
फांसी पर लटकने से सिर अलग होने की पुलिस की प्रारंभिक आशंका
मामले में पुलिस के अनुसार, युवक का शव लंबे समय तक फांसी पर लटका रहने के कारण सिर धड़ से अलग होने की आशंका है। हालांकि, इसे लेकर अभी अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
मृतक की पहचान बनी पुलिस के लिए चुनौती
इस मामले में सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना है। शव कई दिनों पुराना होने और पूरी तरह सड़-गल जाने के कारण युवक की पहचान करने में परेशानी हो रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि निर्माणाधीन मकान में युवक कब और किन परिस्थितियों में पहुंचा था।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, यह जांच का विषय है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस अनुसंधान के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।
