स्लॉटर हाउस को दोबारा चालू करने की तैयारी, 5 दिसंबर को होगा ट्रायल रन; सफल होने पर पूरे शहर में लागू होगी नई व्यवस्था
रांची। राजधानी में मीट कारोबार को व्यवस्थित करने और लोगों को स्वच्छ एवं हाइजीनिक मीट उपलब्ध कराने के लिए रांची नगर निगम नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत अब मीट दुकानदार अपनी दुकानों पर खस्सी और बकरों की कटाई नहीं कर सकेंगे। सभी दुकानदारों को नगर निगम के स्लॉटर हाउस में निर्धारित प्रक्रिया के तहत काटे गए पशुओं का मीट ही बेचना होगा।
लंबे समय से बंद पड़े स्लॉटर हाउस को दोबारा चालू करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए 5 दिसंबर को ट्रायल रन निर्धारित किया गया है। ट्रायल सफल रहने पर नई व्यवस्था पूरे शहर में लागू कर दी जाएगी।
स्लॉटर हाउस में होगी पशुओं की कटाई
नई व्यवस्था के तहत खस्सी और बकरों की कटाई निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार स्लॉटर हाउस में की जाएगी। इसके बाद मीट की पैकेजिंग की जाएगी, ताकि स्वच्छता और गुणवत्ता का ध्यान रखा जा सके।
कूलिंग वैन से दुकानों तक पहुंचेगा मीट
स्लॉटर हाउस में पैक किए गए मीट को कूलिंग वैन के माध्यम से शहर के अलग-अलग इलाकों में स्थित दुकानों तक पहुंचाया जाएगा। मीट दुकानदारों को इसी पैक मीट की बिक्री करनी होगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य मीट की कटाई से लेकर दुकानों तक पहुंचाने की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और स्वच्छ बनाना है।


