ताज़ा खबरें

Copyright © 2025 swatantraawaj.com . All Right Reserved.

गुलाब और माला पहनाकर गांधीगिरी से दिया सड़क सुरक्षा का संदेश, सिंगरा चेकपोस्ट पर चला जागरूकता अभियान

हेलमेट पहनने वाले चालकों को गुलाब देकर किया सम्मानित, नियम तोड़ने वालों को माला पहनाकर समझाया सड़क सुरक्षा का महत्व

मेदिनीनगर: पलामू जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार, 21 नवंबर को सिंगरा चेकपोस्ट पर अनोखे अंदाज में सड़क सुरक्षा अभियान चलाया गया। इस दौरान अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने गांधीगिरी के जरिए लोगों को सुरक्षित वाहन चलाने का संदेश दिया।

अभियान के तहत बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों, सीट बेल्ट नहीं लगाने वाले चारपहिया वाहन चालकों और ट्रिपल सवारी करने वालों को माला पहनाकर यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। वहीं, हेलमेट पहनकर वाहन चलाने वाले लोगों को गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया।

लापरवाही करने वालों को माला पहनाकर किया जागरूक

अभियान के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों को समझाया कि सड़क पर की गई छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को माला पहनाकर यह एहसास कराया गया कि उनकी लापरवाही केवल उनकी जिंदगी ही नहीं, बल्कि परिवार और सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा है।

अधिकारियों ने भावुक संदेश देते हुए कहा कि आज लापरवाही करने वालों को माला पहनाकर समझाया जा रहा है, कहीं ऐसा न हो कि भविष्य में उनकी तस्वीर पर माला चढ़ानी पड़े। इस संदेश के जरिए लोगों को अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने की अपील की गई।

परिवहन और पुलिस विभाग के अधिकारी रहे मौजूद

इस जागरूकता अभियान में मोटरयान निरीक्षक, ट्रैफिक इंचार्ज, जिला परिवहन कार्यालय के प्रधान सहायक, सड़क सुरक्षा प्रबंधक, सड़क सुरक्षा कर्मियों के साथ चेकपोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मी और पुलिस पदाधिकारी शामिल रहे।

सभी ने वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य इस्तेमाल, तेज गति से वाहन नहीं चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग से बचने और यातायात नियमों का पालन करने की जानकारी दी।

चालान नहीं, लोगों की जिंदगी बचाना है उद्देश्य

अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने की अपील की। साथ ही ओवरस्पीडिंग और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी से बचने की सलाह दी।

अभियान का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों की जिंदगी बचाना और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार व्यवहार विकसित करना है। गांधीगिरी के इस अनोखे तरीके से वाहन चालकों को यह संदेश देने की कोशिश की गई कि सुरक्षित सफर की जिम्मेदारी हर नागरिक की है।

Tags :

swatantra awaj

मुख्य समाचार

लोकप्रिय ख़बरें

स्वतंत्र आवाज़ — आपकी आवाज़, आपके मुद्दे। देश, राज्य और स्थानीय स्तर की निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें, अब आपकी भाषा में।

ताज़ा खबरें

लोकप्रिय समाचार

Copyright © 2025 Swatantrawaj.com  All Right Reserved.