ताज़ा खबरें

Copyright © 2025 swatantraawaj.com . All Right Reserved.

विश्व बाल दिवस पर सीएम हेमंत सोरेन से मिले यूनिसेफ के 10 बाल पत्रकार, बाल अधिकारों और भविष्य पर हुई चर्चा

रांची। विश्व बाल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को यूनिसेफ के 10 बाल पत्रकारों ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान बच्चों ने बाल अधिकारों में आए सकारात्मक बदलावों, अपने सपनों और भविष्य को लेकर मुख्यमंत्री के साथ खुलकर संवाद किया। बाल पत्रकारों ने अपने स्कूल और समुदाय में किए गए प्रयासों की जानकारी देते हुए बताया कि किस तरह वे सामाजिक समस्याओं के खिलाफ जागरूकता फैलाने में भूमिका निभा रहे हैं।

बाल विवाह और बाल श्रम रोकने के प्रयासों को किया साझा

बाल पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्होंने बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम के लिए अपने स्तर पर जागरूकता अभियान चलाए हैं। इसके अलावा स्कूल छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास भी किए हैं।

बच्चों ने माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, बचपन में होने वाली गैर-संचारी बीमारियों की रोकथाम, स्वस्थ खानपान और जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर किए गए जागरूकता कार्यों के अनुभव भी साझा किए।

स्कूली शिक्षा और खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बच्चों के सवालों का सहजता और संवेदनशीलता के साथ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने के विषय पर समीक्षा कर समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी।

उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के साथ खेलकूद में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के लिए खेल सामग्री उपलब्ध कराने और पंचायत स्तर पर खेल मैदान बनाने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से भी बच्चों के शैक्षणिक स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया जा रहा है।

जिला स्तर पर बन रहे पुस्तकालय

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में राज्य के जिलों में पुस्तकालय निर्माण का कार्य चल रहा है। शिक्षा को जरूरी बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे बच्चों में सही और गलत की समझ विकसित होती है। उन्होंने बाल विवाह को कानूनी अपराध के साथ-साथ सामाजिक रूप से भी नुकसानदायक बताया और निर्धारित उम्र में ही विवाह कराने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार के अधिकारियों को अपने क्षेत्र के स्कूलों में एक दिन बिताकर विद्यार्थियों से बातचीत करने का निर्देश दिया गया है। विद्यालयों में माहवारी जागरूकता अभियान चलाने के साथ बच्चियों और महिलाओं को सैनिटरी पैड उपलब्ध कराने का काम भी किया जा रहा है।

बच्चों का आत्मविश्वास देखकर गर्व होता है : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाल पत्रकारों की जागरूकता और आत्मविश्वास उन्हें हमेशा आश्चर्यचकित करता है। जिस स्पष्टता के साथ बच्चे अपने अधिकारों और समस्याओं को सामने रख रहे हैं, उससे भविष्य में उनके बेहतर नेतृत्वकर्ता बनने की उम्मीद दिखाई देती है।

उन्होंने कहा कि हर बच्चे की आवाज सुनी जानी चाहिए, क्योंकि प्रत्येक बच्चा महत्वपूर्ण है और उसके विचारों तथा सपनों का सम्मान होना चाहिए। बच्चे झारखंड के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। जब कोई बच्चा अन्याय के खिलाफ आवाज उठाता है या अपने समुदाय की समस्या का समाधान सुझाता है, तो उसकी बातों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

बच्चों की भागीदारी से योजनाओं को बेहतर बनाने में मिलेगी मदद

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों द्वारा उठाए गए मुद्दे राज्य के विकास की प्राथमिकताओं के साथ-साथ उनके रोजमर्रा के जीवन की चुनौतियों को भी सामने लाते हैं। बच्चों से संवाद करने से सरकार को यह समझने में मदद मिलती है कि उनके लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उन तक कितना पहुंच रहा है।

उन्होंने यूनिसेफ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के हितों को समझने और उनके लिए बेहतर वातावरण तैयार करने में मददगार हैं। सरकार सभी बच्चों को सीखने, अपनी बात रखने, सुरक्षित रहने और सपनों को पूरा करने के समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

यूनिसेफ ने बच्चों की भागीदारी को बताया जरूरी

यूनिसेफ झारखंड की प्रमुख डॉ. कनीनिका मित्र ने कहा कि बच्चों को केवल सरकारी योजनाओं और नीतियों का लाभार्थी मानना पर्याप्त नहीं है। उनके जीवन को प्रभावित करने वाले निर्णयों में भी उनकी भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बाल पत्रकार बच्चों की आवाज और उनकी नेतृत्व क्षमता का उदाहरण हैं। सही जानकारी, आत्मविश्वास और मंच मिलने पर बच्चे समाज में व्यापक बदलाव ला सकते हैं।

वहीं, यूनिसेफ झारखंड की कम्युनिकेशन, एडवोकेसी एंड पार्टनरशिप स्पेशलिस्ट आस्था अलंग ने कहा कि बच्चों का विकास काफी हद तक बड़ों द्वारा लिए जाने वाले निर्णयों पर निर्भर करता है। गरीबी, भौगोलिक परिस्थितियां और लैंगिक असमानता आज भी कई बच्चों के विकास में बाधा हैं। इसलिए बच्चों की जरूरतों को प्राथमिकता देना जरूरी है। बच्चों में आज किया गया निवेश समाज के बेहतर भविष्य की नींव बनेगा।

ये बाल पत्रकार रहे मौजूद

कार्यक्रम में बाल पत्रकार सोनू उरांव (गवर्नमेंट हाई स्कूल, कांके), खुशबू कुमारी (परमवीर अल्बर्ट एक्का जीएमएस, सदर), तनु कुमारी (जीयूएमएस, पालू, ओरमांझी), सोफिया नुजहत (जीयूएमएस, हुरहुरी, रातू), प्रियांशी बरदियार (जीएमएस, हरमू हाउसिंग), सूरज प्रताप सिंह (जीएचएस, बोरिया, कांके), पल्लवी कुमारी (गवर्नमेंट स्कूल, डाहु, ओरमांझी), साक्षी कुमारी (जीएमएस, टीगरा नवाटोली, रातू), पंकज कुमार (गवर्नमेंट स्कूल, हरमू) और प्रियांशी कुमारी (गवर्नमेंट स्कूल, डहु) शामिल हुए।

इस अवसर पर एनबीजेके की सुष्मिता भट्टाचार्य और विवेक कुमार सहित यूनिसेफ के अन्य प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Tags :

swatantra awaj

मुख्य समाचार

लोकप्रिय ख़बरें

स्वतंत्र आवाज़ — आपकी आवाज़, आपके मुद्दे। देश, राज्य और स्थानीय स्तर की निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें, अब आपकी भाषा में।

ताज़ा खबरें

लोकप्रिय समाचार

Copyright © 2025 Swatantrawaj.com  All Right Reserved.