दनुआ घाटी में तेज रफ्तार ट्रेलर ने शव लेकर जा रही सवारी गाड़ी को मारी टक्कर; पांच लोगों की मौके पर मौत, दो ने अस्पताल में तोड़ा दम
हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण स्थित दनुआ घाटी में हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी मृतक और घायल गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड अंतर्गत सलैयाटांड गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी जा रहे थे सभी लोग
मिली जानकारी के अनुसार, गांव के लोग एक बुजुर्ग का शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी जा रहे थे। इसी दौरान दनुआ घाटी में शव को बांधने वाली रस्सी ठीक करने के लिए सवारी गाड़ी को सड़क किनारे रोका गया था। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रेलर ने सवारी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।
पांच लोगों की मौके पर मौत, दो ने अस्पताल में तोड़ा दम
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में चार अन्य घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। घायलों का इलाज जारी है।
कोयला लदा ट्रक भी घाटी में पलटा
हादसे के बाद कोयला लदा एक ट्रक भी अनियंत्रित होकर घाटी में पलट गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे ने एक साथ कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
सलैयाटांड गांव में पसरा मातम
एक बुजुर्ग के अंतिम संस्कार के लिए निकले परिवार और ग्रामीणों को रास्ते में ही इस भीषण हादसे का सामना करना पड़ा। सात लोगों की मौत की खबर से सलैयाटांड गांव में शोक की लहर है। चार घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
