ट्रेलरों से गिरने वाली गीली छाई सूखकर बन रही धूल, गांव और आसपास के इलाकों में फैल रहा धूल का गुबार
टंडवा (चतरा)। प्रखंड के प्रसिद्ध सेरनदाग गांव के ग्रामीण इन दिनों उड़ती धूल की समस्या से परेशान हैं। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क से गुजरने वाले ट्रेलरों से गिरने वाली गीली छाई कुछ ही देर में सूखकर धूल का रूप ले लेती है। इसके बाद वाहनों की आवाजाही से धूल का गुबार उठता है, जो पूरे गांव और आसपास के वातावरण में फैल जाता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि धूल पर नियंत्रण के लिए सड़क पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं कराया जा रहा है। इसके कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और स्थानीय निवासियों को सांस लेने तथा आंखों में जलन जैसी स्वास्थ्य समस्याओं की आशंका सता रही है।
ग्रामीणों का सवाल है कि जब इस मार्ग से लगातार भारी वाहनों का परिचालन हो रहा है, तो धूल नियंत्रण के लिए पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए जा रहे हैं? क्या संबंधित कंपनी और जिम्मेदार अधिकारियों को स्थानीय लोगों की परेशानियों की जानकारी नहीं है?
ग्रामीणों ने संबंधित कंपनी और प्रशासन से सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव कराने की मांग की है, ताकि उड़ती धूल पर रोक लग सके और लोगों को राहत मिल सके।
अब सवाल यह है कि सेरनदाग के ग्रामीणों को इस धूल भरी परेशानी से कब निजात मिलेगी? संबंधित विभाग और कंपनी इस समस्या को लेकर कब ठोस कदम उठाएंगे?


