धनबाद के चिरकुंडा थाना क्षेत्र स्थित बाबूडंगाल में पुलिस ने अवैध लॉटरी टिकट की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान करीब डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य के अवैध लॉटरी टिकट, नौ प्रिंटर, दो जेरॉक्स मशीन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। मामले में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जबकि एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ लीलेश्वर महतो के नेतृत्व में गठित टीम ने शुक्रवार शाम बीसीसीएल के एक जर्जर आवास पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मौके से एक बुलेट बाइक, नौ पेपर स्टेपलर मशीन, तीन पेपर कटिंग मैट, बैटरी, इन्वर्टर और स्टेबलाइजर समेत बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया।
पुलिस ने संवालापुर निवासी स्वरूप मल्लिक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि यहां तैयार किए गए अवैध लॉटरी टिकट झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भेजे जाते थे।
इस मामले में प्रकाश सिंह, भानुप्रताप सिंह, जय सिंह उर्फ पिंटा उर्फ भगत सिंह, नन्हकू और स्वरूप मल्लिक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, नामजद आरोपियों में से कुछ के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।


