ताज़ा खबरें

Copyright © 2025 swatantraawaj.com . All Right Reserved.

बोड़ाम में टांगी लेकर निकले युवक ने मचाया उत्पात, आठ ग्रामीणों पर किया हमला

72 वर्षीय बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल, एमजीएम अस्पताल में चल रहा इलाज; हमले के बाद जंगल में भागा आरोपी, पुलिस तलाश में जुटी

पटमदा : बोड़ाम थाना क्षेत्र के पोखरिया गांव में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक टांगी लेकर घर से निकला और रास्ते में मिलने वाले ग्रामीणों पर हमला करने लगा। अचानक हुए इस हमले में आठ ग्रामीण घायल हो गए। घायलों में 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला सरुवाली महतो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। उन्हें इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, अन्य घायलों का इलाज पश्चिम बंगाल के बराबाजार सरकारी अस्पताल सहित अलग-अलग स्थानों पर चल रहा है।

सुबह 5:30 बजे शुरू हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, घटना रविवार सुबह करीब 5:30 बजे की है। भीष्म गोराई का 22 वर्षीय पुत्र शंभू गोराई टांगी लेकर अपने घर से निकला। गांव में सबसे पहले उसने सरुवाली महतो पर हमला कर दिया। इस दौरान महिला के दोनों हाथों पर टांगी से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

इसके बाद युवक गांव में आगे बढ़ा और घरों से बाहर निकले सात अन्य ग्रामीणों को भी निशाना बनाया। अचानक हुए हमले से गांव में भगदड़ और दहशत का माहौल बन गया।

बुजुर्ग महिला की हालत गंभीर

घटना में घायल सरुवाली महतो को उनके पुत्र वीरेश महतो सुबह करीब आठ बजे एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उनका इलाज जारी है। घायलों में मामोनी कर्मकार (65), निर्मल प्रमाणिक (60), राजा सहिस (17) और बुधनी सहिस (50) समेत अन्य ग्रामीण शामिल हैं।

जंगल में भागा आरोपी युवक

ग्रामीणों के मुताबिक, शंभू गोराई पिछले करीब दो वर्षों से मानसिक बीमारी से पीड़ित है और उसका इलाज चल रहा है। बताया गया कि बीच में उसकी स्थिति में सुधार भी हुआ था। हालांकि, रविवार सुबह अचानक वह उग्र हो गया और ग्रामीणों पर हमला करने लगा।

घटना के बाद युवक के पिता और परिजनों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह वहां से भागकर मोहरीबासा के जंगल में घुस गया। सुबह करीब 11 बजे तक उसका कोई पता नहीं चल पाया था।

पुलिस कर रही तलाश

घटना की सूचना बोड़ाम पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक की तलाश में जुटी है। उसे सुरक्षित तरीके से काबू में करने का प्रयास किया जा रहा है। एक साथ आठ ग्रामीणों पर हमले की घटना के बाद पोखरिया गांव में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।

Tags :

swatantra awaj

मुख्य समाचार

लोकप्रिय ख़बरें

स्वतंत्र आवाज़ — आपकी आवाज़, आपके मुद्दे। देश, राज्य और स्थानीय स्तर की निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें, अब आपकी भाषा में।

ताज़ा खबरें

लोकप्रिय समाचार

Copyright © 2025 Swatantrawaj.com  All Right Reserved.