धातकीडीह स्थित मामा घर में निभाई पारिवारिक परंपरा, सुरक्षा को लेकर प्रशासन रहा मुस्तैद
चांडिल। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को अपनी धर्मपत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल पहुंचे। मुख्यमंत्री धातकीडीह (कांगलाटांड़) स्थित अपने मामा घर में पारिवारिक परंपरा के तहत पारंपरिक रस्म अदायगी करने पहुंचे थे। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी का स्वागत किया। वहीं, प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
हिंदू रीति-रिवाजों में माता-पिता के निधन के बाद अंतिम संस्कार, श्राद्धकर्म और अस्थि विसर्जन जैसी रस्में पूरी होने के पश्चात मामा घर जाकर एक पारंपरिक रस्म निभाने की परंपरा है। इस रस्म के दौरान मामा घर में पैर धोकर अतिथियों का स्वागत किया जाता है और उन्हें भोजन कराया जाता है। स्थानीय मान्यता के अनुसार, इस परंपरा को छुतका दूर करने की रस्म भी कहा जाता है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन का हाल ही में निधन हो गया था। उनके निधन के बाद अंतिम संस्कार, श्राद्धकर्म और अस्थि विसर्जन की पारिवारिक परंपराएं पूरी की गईं। इसके बाद मुख्यमंत्री अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ चांडिल के धातकीडीह स्थित मामा घर पहुंचे और पारंपरिक रस्म अदायगी की।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पहले से सतर्क रही। उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक समेत विभिन्न प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते नजर आए। पूरे दौरे के दौरान प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए।

