गोंडा-आसनसोल एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान हुआ हादसा, आरपीएफ जवानों ने बचाकर सदर अस्पताल पहुंचाया; हालत गंभीर
देवघर। जसीडीह रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोंडा-आसनसोल एक्सप्रेस में चढ़ने के प्रयास के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच नीचे गिर पड़ा। हादसे में उसके दोनों पैर गंभीर रूप से कट गए।
मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान देवाशीष दास के रूप में हुई है। बताया जाता है कि ट्रेन खुल चुकी थी और युवक जल्दबाजी में उसमें चढ़ने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन की चपेट में आकर प्लेटफॉर्म के नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।
आरपीएफ जवानों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद मौके पर मौजूद आरपीएफ जवानों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से उसे गंभीर अवस्था में इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल भेजा गया।
चलती ट्रेन में चढ़ने-उतरने से बचें यात्री
इस हादसे ने एक बार फिर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा का सवाल खड़ा कर दिया है। रेलवे प्रशासन यात्रियों से लगातार अपील करता है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। थोड़ी सी जल्दबाजी और लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।


