ताज़ा खबरें

Copyright © 2025 swatantraawaj.com . All Right Reserved.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का रायरंगपुर दौरा रद्द, लगातार दूसरी बार कार्यक्रम टलने से स्थानीय लोगों में निराशा

रायरंगपुर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का प्रस्तावित तीन दिवसीय रायरंगपुर दौरा रद्द कर दिया गया है। लगातार दूसरी बार राष्ट्रपति का दौरा रद्द होने से स्थानीय लोगों में निराशा का माहौल है। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर क्षेत्र में प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही थीं। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर विभिन्न विकास योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास तक की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई थीं।

रायरंगपुर के एडीएम अजीत कुमार ने राष्ट्रपति के दौरे को रद्द किए जाने की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार, इससे पहले 28 अक्टूबर को राष्ट्रपति का दो दिवसीय दौरा प्रस्तावित था, लेकिन चक्रवाती तूफान अर्नब के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद राष्ट्रपति के रायरंगपुर आगमन के लिए 3 से 5 नवंबर तक का नया कार्यक्रम निर्धारित किया गया था। हालांकि, अब इस प्रस्तावित दौरे को भी रद्द कर दिया गया है।

कई विकास योजनाओं का होना था उद्घाटन और शिलान्यास

राष्ट्रपति के इस दौरे को लेकर रायरंगपुर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष उत्साह देखा जा रहा था। कार्यक्रम के दौरान रेल परियोजना समेत कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास प्रस्तावित था। इन योजनाओं से क्षेत्र में विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही थी। इसके मद्देनजर प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई थीं। हालांकि, दौरा रद्द होने के बाद अब इन योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।

वहीं, मयूरभंज के सांसद नवचरण माझी ने भी राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को रद्द किए जाने की पुष्टि की है। फिलहाल राष्ट्रपति के अगले रायरंगपुर दौरे को लेकर कोई नई तारीख घोषित नहीं की गई है।

लगातार दूसरी बार राष्ट्रपति का कार्यक्रम रद्द होने से स्थानीय लोगों में मायूसी है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद थी कि राष्ट्रपति के आगमन से रायरंगपुर को कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की सौगात मिलेगी। अब लोगों की निगाहें राष्ट्रपति के अगले संभावित दौरे और नई तारीख की घोषणा पर टिकी हैं।

Tags :

swatantra awaj

मुख्य समाचार

लोकप्रिय ख़बरें

स्वतंत्र आवाज़ — आपकी आवाज़, आपके मुद्दे। देश, राज्य और स्थानीय स्तर की निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें, अब आपकी भाषा में।

ताज़ा खबरें

लोकप्रिय समाचार

Copyright © 2025 Swatantrawaj.com  All Right Reserved.