धनबाद में दस्तावेज सत्यापन के दौरान हुआ खुलासा, झारसेवा पोर्टल पर नहीं मिला प्रमाण पत्र का रिकॉर्ड; एसडीएम की संयुक्त टीम ने की छापेमारी, संचालक की CSC आईडी रद्द करने की अनुशंसा
धनबाद। झारखंड में सरकारी प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। धनबाद में महज 500 रुपये लेकर एक अभ्यर्थी को कथित तौर पर फर्जी आवासीय प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। देखने में सरकारी दस्तावेज जैसा दिखने वाला यह प्रमाण पत्र सरकारी रिकॉर्ड में मौजूद ही नहीं था। होमगार्ड भर्ती के दौरान दस्तावेजों के सत्यापन में इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए पाथरकुआं पंचायत भवन में संचालित प्रज्ञा केंद्र को सील कर दिया।
होमगार्ड भर्ती में दस्तावेज जांच के दौरान खुला मामला
जानकारी के अनुसार, होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित अभ्यर्थी कृष्णपद सोरेन, पिता देबु सोरेन, निवासी बड़बाड़ी गांव, थाना निरसा ने अपना आवासीय प्रमाण पत्र जमा किया था। दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान कालियासोल अंचल कार्यालय को प्रमाण पत्र की वैधता पर संदेह हुआ।
इसके बाद झारसेवा पोर्टल के माध्यम से प्रमाण पत्र की ऑनलाइन जांच कराई गई। जांच में पता चला कि संबंधित प्रमाण पत्र अंचल कार्यालय की ओर से कभी जारी ही नहीं किया गया था। विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार, आवेदन में त्रुटि होने के कारण उसे लंबित रखा गया था अथवा वापस कर दिया गया था। इसके बावजूद अभ्यर्थी को डिजिटल हस्ताक्षरयुक्त प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया गया।
500 रुपये लेकर प्रमाण पत्र देने का आरोप
अभ्यर्थी कृष्णपद सोरेन ने अपनी शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में उसने गांव के ही सीएससी संचालक अभिजीत दास के माध्यम से आवासीय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था। इसके लिए उसने संचालक को 500 रुपये दिए थे।
आरोप है कि आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे सरकारी दस्तावेज जैसा दिखने वाला प्रमाण पत्र दे दिया गया। अभ्यर्थी ने इसी प्रमाण पत्र को होमगार्ड भर्ती के दौरान जमा किया था। सत्यापन में प्रमाण पत्र के फर्जी पाए जाने के बाद उसकी भर्ती प्रक्रिया भी प्रभावित होने की आशंका है।
एसडीएम की संयुक्त टीम ने की छापेमारी, प्रज्ञा केंद्र सील
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम लोकेश बारंगे ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एसडीएम लोकेश बारंगे, अंचल अधिकारी अशोक कुमार सिन्हा और डीपीओ यूआईडी अमित कुमार की संयुक्त टीम ने पाथरकुआं पंचायत भवन स्थित प्रज्ञा केंद्र में छापेमारी की।
जांच के बाद प्रशासन ने संबंधित प्रज्ञा केंद्र को सील कर दिया। साथ ही केंद्र संचालक अभिजीत दास की सीएससी आईडी निरस्त करने की अनुशंसा भी की गई है।
फर्जी सरकारी दस्तावेज बनाने के मामले में कार्रवाई शुरू
प्रशासन की ओर से मामले में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फर्जी सरकारी दस्तावेज तैयार करने और लोगों को गुमराह करने के आरोप में संबंधित संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना ने सरकारी प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया और कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि इस मामले में केवल एक प्रमाण पत्र बनाया गया था या इसके पीछे कोई बड़ा फर्जीवाड़ा भी शामिल है।


