कोडरमा: जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर सड़क हादसे की एक घटना सामने आई है। रांची-पटना मुख्य मार्ग (NH-20) पर मदनगुंडी पुल के समीप कोयला लदे एक ट्रक ने पुलिस की बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पुलिस बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में पुलिस के जवानों को चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस की टीम मदनगुंडी टोल प्लाजा के पास वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान बरही की ओर से कोयला लदा एक ट्रक तेज गति से आता दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस के मुताबिक चालक ने वाहन रोकने के बजाय वहां से भागने की कोशिश की। इसी दौरान ट्रक ने पुलिस बोलेरो को टक्कर मार दी, जिससे बोलेरो सड़क किनारे पलट गई।
ग्रामीणों और राहगीरों ने जवानों को बाहर निकाला
हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पलटी हुई बोलेरो में फंसे पुलिस जवानों को बाहर निकाला। दुर्घटना में जवानों को हल्की चोटें और खरोंचें आई हैं। इसके बाद सभी को प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। राहत की बात यह रही कि किसी जवान की हालत गंभीर नहीं बताई गई है और सभी खतरे से बाहर हैं।
ट्रक चालक गिरफ्तार, कोयले के कागजात की जांच जारी
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तिलैया पुलिस की मदद से ट्रक और उसके चालक को सुभाष चौक के पास पकड़ लिया। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर उसमें लदे कोयले से संबंधित दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही गिरफ्तार चालक से पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। कोयले की ढुलाई से संबंधित कागजात और हादसे की परिस्थितियों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


