हजारीबाग: दीपावली की रात जुए का ऐसा खुमार चढ़ा कि एक व्यवसायी को लाखों रुपये के साथ अपने दो हाइवा ट्रकों से भी हाथ धोना पड़ा। मामला हजारीबाग के मुफस्सिल थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां दीपावली की देर रात कथित तौर पर बड़े पैमाने पर जुए का खेल चल रहा था। इस दौरान लाखों रुपये के दांव लगाए जा रहे थे।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जुए के खेल में शामिल एक व्यवसायी लगातार हारता चला गया। शुरुआत में उसने लाखों रुपये नकद गंवा दिए। इसके बाद नुकसान की भरपाई करने की उम्मीद में उसने अपने दो हाइवा ट्रकों को भी दांव पर लगा दिया। हालांकि, किस्मत ने उसका साथ नहीं दिया और वह दोनों हाइवा ट्रक भी हार गया।
बताया जा रहा है कि व्यवसायी नशे की हालत में था और जुए के दौरान उसे अपनी संपत्ति गंवाने का अंदाजा तक नहीं रहा। दीपावली की रात हुई इस घटना की चर्चा इलाके में जोरों पर है। हालांकि, जुए के इस कथित खेल और हाइवा ट्रकों के दांव पर लगाए जाने की आधिकारिक पुष्टि की जानकारी सामने नहीं आई है।


