पलामू के करमा गांव के पास हुआ दर्दनाक हादसा, छतरपुर थाना में तैनात बबीता कुमारी ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
पलामू। झारखंड के पलामू जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में छतरपुर थाना में तैनात महिला पुलिस जवान बबीता कुमारी की मौत हो गई। वह झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) के परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा ड्यूटी निभाने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान छतरपुर थाना क्षेत्र के करमा गांव के पास उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे में बबीता कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। महिला जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MMCH), मेदिनीनगर भेजा गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
ड्यूटी निभाने के लिए जाते समय हुए इस दर्दनाक हादसे में महिला पुलिस जवान की मौत से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। एक ओर जहां बबीता कुमारी के निधन से उनके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पुलिसकर्मियों में भी गहरा दुख व्याप्त है।


