ताज़ा खबरें

Copyright © 2025 swatantraawaj.com . All Right Reserved.

पाकुड़ में रिटायर्ड चौकीदार के घर एसीबी की छापेमारी, 90 लाख का आलीशान मकान और 5 लाख नकद मिले

आय से अधिक संपत्ति के मामले में कार्रवाई, घर से एक हजार रुपये के 24 पुराने विमुद्रीकृत नोट भी बरामद; अन्य संपत्तियों से जुड़े सुराग मिलने का दावा

पाकुड़: झारखंड के पाकुड़ जिले में आय से अधिक संपत्ति के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), दुमका की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी ने महेशपुर प्रखंड के गढ़वाड़ी गांव निवासी सेवानिवृत्त चौकीदार धीरन माल के आवास पर छापेमारी कर करीब 96 लाख रुपये की संपत्ति और नकदी का आकलन किया है। इस कार्रवाई के बाद एक सेवानिवृत्त चौकीदार की संपत्ति को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

90 लाख रुपये से अधिक मूल्य का दो मंजिला मकान

एसीबी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, 19 नवंबर को न्यायालय के आदेश पर कार्यपालक दंडाधिकारी और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में आवास की तलाशी ली गई। इस दौरान करीब 4 हजार वर्गफीट जमीन पर बने दो मंजिला पक्के मकान का अनुमानित मूल्य 90 लाख 53 हजार 440 रुपये आंका गया।

घर से पांच लाख से अधिक नकद बरामद

तलाशी के दौरान आवास से 5 लाख 8 हजार 560 रुपये की बेहिसाब नकदी भी बरामद हुई। इसके अलावा एक हजार रुपये के 24 पुराने विमुद्रीकृत नोट भी मिले हैं। मकान के अनुमानित मूल्य और बरामद नकदी को मिलाकर एसीबी ने करीब 95 लाख 62 हजार रुपये की संपत्ति का आकलन किया है।

अन्य संपत्तियों की भी जांच

एसीबी के अनुसार, धीरन माल की अन्य अचल संपत्तियों से जुड़े सुराग भी मिले हैं। इन संपत्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच जारी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि संबंधित संपत्ति के स्रोत क्या हैं और उनकी आय के मुकाबले उनका मूल्य कितना अधिक है।

एक सेवानिवृत्त चौकीदार के नाम पर इतनी बड़ी संपत्ति सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है। हालांकि, संपत्ति के अवैध रूप से अर्जित होने की पुष्टि जांच पूरी होने और संबंधित तथ्यों के सामने आने के बाद ही होगी।

Tags :

swatantra awaj

मुख्य समाचार

लोकप्रिय ख़बरें

स्वतंत्र आवाज़ — आपकी आवाज़, आपके मुद्दे। देश, राज्य और स्थानीय स्तर की निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें, अब आपकी भाषा में।

ताज़ा खबरें

लोकप्रिय समाचार

Copyright © 2025 Swatantrawaj.com  All Right Reserved.