चांडिल। चांडिल वन क्षेत्र के अंतर्गत कुकड़ू प्रखंड के कुकड़ू गांव में बीती रात एक झुंड से बिछड़े जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। रात के अंधेरे में गांव में घुसे हाथी ने एक घर और दो राशन दुकानों को निशाना बनाते हुए काफी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद से ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।
घर का एस्बेस्टस तोड़ा, दुकानों में रखा सामान किया बर्बाद
मिली जानकारी के अनुसार, जंगली हाथी ने सबसे पहले ग्रामीण सर्वेश्वर कुमार के घर को निशाना बनाया और घर का एस्बेस्टस तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद हाथी लुबू कुमार की राशन दुकान में घुस गया। वहां रखे चावल, आलू और अन्य खाद्य सामग्री को खा गया, जबकि आटा और चीनी के बोरों को सड़क पर फेंककर बर्बाद कर दिया।
इसके बाद हाथी ने अनिल रजक की जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान का शटर तोड़ दिया और अंदर रखे सामान को बिखेर दिया। अचानक हुई इस घटना से गांव के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
हाथियों के बढ़ते विचरण से ग्रामीण चिंतित
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली हाथियों का विचरण लगातार जारी है। पहले हाथी खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचाते थे, लेकिन अब घरों और दुकानों को निशाना बनाए जाने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों को अब अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर डर सताने लगा है। भय के कारण लोग शाम ढलने के बाद घरों से बाहर निकलने से भी कतरा रहे हैं।
वन विभाग से मुआवजे और सुरक्षा व्यवस्था की मांग
आकलन कर नियमानुसार जल्द मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही ग्रामीणों ने हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने, समय रहते गांवों में अलर्ट जारी करने और जंगली हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की है।


