ताज़ा खबरें

Copyright © 2025 swatantraawaj.com . All Right Reserved.

दवा दुकानों में मरीजों का इलाज और परामर्श देना पड़ेगा महंगा, डॉक्टर और दुकानदारों पर होगी कार्रवाई

पलामू स्वास्थ्य विभाग की सख्त चेतावनी, क्लीनिक की तरह संचालित हो रही दवा दुकानों को तत्काल बंद करने का निर्देश

पलामू। जिले में दवा दुकानों के अंदर बैठकर मरीजों का इलाज करने और चिकित्सकीय परामर्श देने वाले डॉक्टरों एवं दुकानदारों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। पलामू जिला स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि दवा दुकानों में बैठकर मरीजों का इलाज करना और परामर्श देना अवैध है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में कई दवा दुकानों में डॉक्टर बैठकर मरीजों को देखते हैं और उन्हें चिकित्सकीय सलाह देते हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि डॉक्टर केवल पंजीकृत क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट में ही मरीजों का इलाज और परामर्श कर सकते हैं। दवा दुकानों को क्लीनिक के रूप में संचालित करना नियमों के विरुद्ध है।

पलामू के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव की ओर से जारी पत्र में निर्देश दिया गया है कि जो रिटेल दवा दुकानें क्लीनिक की तरह संचालित हो रही हैं और जहां डॉक्टरों के नाम के बोर्ड लगाए गए हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए। साथ ही दुकानों के बाहर लगे ऐसे बोर्ड और विज्ञापन भी हटाने को कहा गया है, जिनमें डॉक्टर की उपलब्धता या चिकित्सकीय परामर्श से संबंधित जानकारी दी गई है।

सिविल सर्जन ने चेतावनी दी है कि निर्देशों का पालन नहीं करने वाले डॉक्टरों और दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गंभीर मामलों में संबंधित दवा दुकान का लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है।

इसके अलावा जिले के सभी चिकित्सा पदाधिकारियों को भी इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग के इस कदम के बाद दवा दुकानों में क्लीनिक जैसी व्यवस्था चलाने वालों में हलचल की संभावना है। अब देखना होगा कि विभाग के निर्देशों का जमीनी स्तर पर कितना पालन होता है।

Tags :

swatantra awaj

मुख्य समाचार

लोकप्रिय ख़बरें

स्वतंत्र आवाज़ — आपकी आवाज़, आपके मुद्दे। देश, राज्य और स्थानीय स्तर की निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें, अब आपकी भाषा में।

ताज़ा खबरें

लोकप्रिय समाचार

Copyright © 2025 Swatantrawaj.com  All Right Reserved.