शिल्पा कोल की मौत के मामले में भाई ने प्रेमी पर लगाया था हत्या का आरोप, कालीचूंआ गांव स्थित घर से हुई गिरफ्तारी
दुमका। दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना की पुलिस ने प्रेमिका शिल्पा कोल की हत्या के मामले में करीब एक साल से फरार चल रहे आरोपी दिनेश सोरेन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गुरुवार को गुप्त सूचना के आधार पर उसके कालीचूंआ गांव स्थित घर पर छापेमारी कर उसे पकड़ा।
जंगल में पेड़ से लटका मिला था युवती का शव
यह मामला वर्ष 2025 का है। उस दौरान शिल्पा कोल का शव सीधाचातर जंगल में एक पेड़ से फंदे के सहारे लटका हुआ मिला था। घटना के बाद मृतका के भाई सोमलाल कोल ने उसके प्रेमी दिनेश सोरेन पर हत्या का आरोप लगाते हुए शिकारीपाड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
इस संबंध में शिकारीपाड़ा थाना कांड संख्या 26/25 दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।
गुप्त सूचना पर घर पहुंची पुलिस
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी, लेकिन वह गिरफ्तारी से बच रहा था। गुरुवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दिनेश सोरेन अपने घर कालीचूंआ गांव आया हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके घर पर छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। हत्या के आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी।
