ताज़ा खबरें

Copyright © 2025 swatantraawaj.com . All Right Reserved.

पलामू के लेस्लीगंज में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर बवाल, विधायक पर मारपीट का आरोप

प्रधानमंत्री की तस्वीर के साथ अभद्र भाषा में पोस्ट करने का मामला, दोनों पक्षों ने थाने में दिया आवेदन

पलामू। जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री की तस्वीर के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए पोस्ट किए जाने को लेकर विवाद गहरा गया है। मामले में पांकी विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता पर पोस्ट करने वाले व्यक्ति के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में दोनों पक्षों की ओर से लेस्लीगंज थाना में आवेदन दिया गया है। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति के सोशल मीडिया अकाउंट से प्रधानमंत्री की तस्वीर के साथ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए पोस्ट साझा किया गया था। पोस्ट की जानकारी मिलने के बाद पांकी विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता ने इस पर संज्ञान लिया और पुलिस अधिकारियों से संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया। इस मामले में लेस्लीगंज थाना में आवेदन भी दिया गया।

वहीं, सोशल मीडिया पोस्ट करने वाले व्यक्ति ने विधायक पर मारपीट का आरोप लगाया है। थाना में दिए गए आवेदन में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उसके घर और दुकान में घुसकर उसके साथ मारपीट की गई। इस शिकायत के बाद मामला दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गया है।

इधर, विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता का कहना है कि सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री की तस्वीर के साथ आपत्तिजनक पोस्ट किया गया है और इस मामले में कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है तो लेस्लीगंज बंद कराया जाएगा। साथ ही गिरफ्तारी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है।

मामले को लेकर लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया कि पुलिस को दोनों पक्षों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच में जुटी है। जांच के बाद ही सोशल मीडिया पोस्ट और मारपीट के आरोपों से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Tags :

swatantra awaj

मुख्य समाचार

लोकप्रिय ख़बरें

स्वतंत्र आवाज़ — आपकी आवाज़, आपके मुद्दे। देश, राज्य और स्थानीय स्तर की निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें, अब आपकी भाषा में।

ताज़ा खबरें

लोकप्रिय समाचार

Copyright © 2025 Swatantrawaj.com  All Right Reserved.