बांधगोड़ा के जोड़ा मंदिर के समीप हुआ हादसा, ऑटो के नीचे दबने से गई मां-बेटे की जान; परिवार में पसरा मातम
बोकारो। जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला लगातार जारी है। रविवार को पिंडराजोरा थाना क्षेत्र के बांधगोड़ा साइट स्थित जोड़ा मंदिर के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला और उसके डेढ़ वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतकों की पहचान घटियाली गांव निवासी 40 वर्षीय कनक मंडल और करीब डेढ़ वर्षीय देवाशीष मंडल के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, कनक मंडल अपने मासूम बच्चे के साथ ऑटो में सवार होकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान बांधगोड़ा स्थित जोड़ा मंदिर के पास अचानक सामने आए एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में ऑटो चालक ने संतुलन खो दिया। इससे ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
हादसा इतना भीषण था कि ऑटो में सवार कनक मंडल और उनका मासूम बच्चा वाहन के नीचे दब गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को ऑटो के नीचे से निकाला और तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
एक ही सड़क हादसे में मां और मासूम बच्चे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस घटना ने एक बार फिर जिले में सड़क सुरक्षा, तेज रफ्तार और दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर चिंता बढ़ा दी है।


