बैंक ऑफ इंडिया से रुपये निकालकर घर पहुंची थी सुनीता देवी, मौका पाकर घर में घुसा युवक और प्लास्टिक में रखे रुपये लेकर हुआ फरार
धनबाद। जिले के भूली ओपी क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है। बैंक ऑफ इंडिया से 20 हजार रुपये निकालकर घर पहुंची सुनीता देवी के घर से रुपये चोरी हो गए। आरोप है कि बैंक से ही उनका पीछा कर रहा एक युवक मौका मिलते ही घर में घुसा और रुपयों से भरा प्लास्टिक लेकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, सुनीता देवी दोपहर करीब एक से डेढ़ बजे बैंक ऑफ इंडिया से 20 हजार रुपये निकालकर अपने घर पहुंची थीं। उन्होंने रुपये और बैंक पासबुक को एक प्लास्टिक में रखकर पलंग पर रख दिया। इसके बाद वह पैर धोने चली गईं। इसी दौरान सफेद टी-शर्ट पहने एक अज्ञात युवक घर में दाखिल हुआ और प्लास्टिक में रखे रुपये व पासबुक लेकर भाग निकला।
युवक को भागते देख सुनीता देवी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर उनके पति सुरेश ठाकुर और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी का पीछा किया। हालांकि, आरोपी पहले से तैयार बाइक के सहारे मौके से फरार होने में सफल रहा।
घटना की सूचना मिलने के बाद भूली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक ऑफ इंडिया पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि बैंक से महिला का पीछा करने वाले संदिग्ध युवक की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में चर्चा और चिंता का माहौल है। वहीं, बैंक से रुपये निकालने वाले ग्राहकों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
