महापौर अरविंद राणा ने आरटीए सचिव के साथ की बैठक; सदर अस्पताल के पास छोटानागपुर बैंक परिसर को एक सप्ताह में पार्किंग स्थल के रूप में विकसित करने का निर्देश
हजारीबाग। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और जाम की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने पहल तेज कर दी है। ऑटो रिक्शा चालकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए ड्रेस कोड लागू करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही मेन रोड पर वाहनों की पार्किंग व्यवस्थित करने की योजना पर भी काम शुरू हो गया है।
इस संबंध में महापौर अरविंद राणा ने क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार (आरटीए) की सचिव सुजाता कुजूर के साथ बैठक की। बैठक में ऑटो चालकों के लिए ड्रेस कोड लागू करने पर चर्चा हुई। प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के लिए ऑटो चालकों के साथ भी बैठक की जाएगी। ड्रेस कोड लागू होने से चालकों की पहचान आसान होगी और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
सदर अस्पताल के पास बनेगा पार्किंग स्थल
मेन रोड पर पार्किंग की समस्या दूर करने के लिए महापौर ने गुरुवार को यातायात प्रभारी अनुप कुमार और परिवहन इंस्पेक्टर विजय गौतम के साथ बैठक की। इसके बाद अधिकारियों ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों का निरीक्षण कर पार्किंग स्थलों की स्थिति का जायजा लिया। करीब दो घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान जाम से प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं का भी आकलन किया गया।
निरीक्षण के दौरान सदर अस्पताल के समीप स्थित छोटानागपुर बैंक परिसर को पार्किंग स्थल के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया। साफ-सफाई की कमी और अतिक्रमण के कारण फिलहाल इस परिसर का उपयोग सीमित है। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर परिसर को पार्किंग के लिए व्यवस्थित करने का निर्देश दिया।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2012-13 में तत्कालीन सांसद यशवंत सिन्हा ने यहां पार्किंग व्यवस्था के लिए शिलान्यास किया था, लेकिन निधि के अभाव में काम पूरा नहीं हो सका।
पार्किंग की व्यवस्था के बाद मेन रोड से हटेगा अतिक्रमण
शहर के मेन रोड पर सब्जियों की बिक्री और सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग के कारण जाम की समस्या गंभीर बनी हुई है। पार्किंग स्थल उपलब्ध नहीं होने का हवाला देकर दुकानदार और अन्य लोग सड़क पर वाहन खड़े कर देते हैं। इससे करीब 80 फीट चौड़ी सड़क सिमटकर लगभग 20 फीट रह गई है।
प्रशासन की योजना है कि वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था तैयार होने के बाद मेन रोड को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि सड़क पर यातायात सुचारु रूप से चल सके।
यातायात सुधार के लिए पहले भी हुए प्रयास
शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पूर्व में भी कई प्रयास किए गए हैं। वर्ष 2013-14 में तत्कालीन यातायात प्रभारी रमाशंकर मिश्रा और वर्ष 2019-20 में इंस्पेक्टर सह प्रभारी रामनारायण सिंह ने व्यवस्था सुधारने के लिए कदम उठाए थे। अब यातायात प्रभारी अनुप कुमार नगर निगम के सहयोग से इस दिशा में काम कर रहे हैं।
त्योहारों को देखते हुए प्रशासन अलर्ट
शहर में बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या को लेकर उपायुक्त हेमंत सती तथा एसपी अमन कुमार भी कई बार चिंता जता चुके हैं। अधिकारियों को यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। छठ महापर्व और दीपावली को देखते हुए जिला प्रशासन, यातायात विभाग और नगर निगम शहर में बेहतर यातायात प्रबंधन की तैयारी कर रहे हैं।
महापौर अरविंद राणा इससे पहले भी यातायात डीएसपी, सदर एसडीपीओ और यातायात थाना प्रभारी के साथ बैठक कर चुके हैं। वहीं, दुर्गा पूजा के दौरान एसपी अमन कुमार के प्रयास से मार्ग परिवर्तन और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था की गई थी, जिससे लोगों को जाम से राहत मिली थी। अब त्योहारों के मद्देनजर शहर को जाम मुक्त बनाने और पार्किंग की समस्या दूर करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।


