नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, पुलिस ने अभियुक्त के पास से मोबाइल फोन भी किया जब्त
सिमडेगा। ओड़गा पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले का खुलासा करते हुए महज 48 घंटे के भीतर ओड़िशा के भुवनेश्वर से नाबालिग को बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में संलिप्त आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से संबंधित सिम लगा रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस निरीक्षक भिखारी राम ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी सेल की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, ओड़गा ओपी क्षेत्र के फरसा जामटोली निवासी संजय जोजोवार ने 19 अक्टूबर 2026 को अपनी नाबालिग पुत्री के लापता होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनकी पुत्री 18 अक्टूबर की सुबह करीब छह बजे से लापता है। परिजनों ने आशंका जताई थी कि मोबाइल फोन पर बातचीत करने वाला एक व्यक्ति उसे बहला-फुसलाकर शादी की नीयत से अपने साथ ले गया है।
आवेदन के आधार पर ओड़गा ओपी (जलडेगा थाना) में कांड संख्या 63/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 87 और 3(5) के तहत जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी सेल के सहयोग से कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर भुवनेश्वर से नाबालिग को बरामद कर लिया। इस दौरान पुलिस ने आरोपी सिबा सिंह, पिता सुनील सिंह, निवासी हाथीबाड़ी राजा बस्ती, जिला सुंदरगढ़ (ओड़िशा) को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से मामले से संबंधित सिम लगा रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
छापेमारी दल में ये रहे शामिल
छापेमारी दल में ओड़गा ओपी प्रभारी रमेश कुमार झा, एसआई जितेंद्र टुडू और ओड़गा ओपी के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


