मेदिनीनगर : पलामू की उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी समीरा एस ने शनिवार को नीलांबर-पीतांबरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई, दवाइयों की उपलब्धता, चिकित्सकों व कर्मचारियों की उपस्थिति, आपातकालीन सेवाओं समेत प्रसव कक्ष, मदर केयर, टीकाकरण केंद्र और दवा भंडारण आदि की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।
दवाइयों को प्रोटोकॉल के अनुसार स्टोर नहीं करने पर मेडिसिन स्टोर प्रभारी को फटकार लगाई गई। नवजात शिशु देखभाल केंद्र को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश भी दिए गए। कुछ उपकरणों में जंग लगने पर उन्हें नियमित उपयोग में लाने को कहा गया। उपायुक्त ने करीब दो घंटे का निरीक्षण किया।
इसी क्रम में जिले के अन्य पदाधिकारियों ने लेस्लीगंज, गेठा, बांसडीह, मुंदरिया, दारूडीह, धनगांव, चपरना और फुलांग स्थित स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में साफ-सफाई, ओपीडी, दवा उपलब्धता, लैब सुविधा, एंबुलेंस सेवा, बायोमेडिकल कचरा प्रबंधन व कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की गई।
बाद में लेस्लीगंज ब्लॉक सभागार में उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर निरीक्षण रिपोर्ट की समीक्षा की। निरीक्षण के आधार पर तैयार रिपोर्ट के आधार पर स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार को लेकर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।


