रांची/डेस्क: FJCCI के एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर विकास एवं आवास मंत्री Sudivya Kumar से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में प्रस्तावित भवन नियमितीकरण योजना बिल लाने के लिए मंत्री का अभिनंदन किया और राज्यवासियों की ओर से आभार प्रकट किया।
बैठक के दौरान FJCCI ने योजना को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। प्रतिनिधिमंडल ने योजना का दायरा बढ़ाते हुए 15 मीटर ऊंचाई और 500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल तक के भवनों को शामिल करने का प्रस्ताव रखा। इसके साथ ही योजना की अवधि बढ़ाने और आवेदन प्रक्रिया को और अधिक सरल बनाने की मांग की गई, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा सकें।
वेयरहाउस को भी शामिल करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व में निर्मित वेयरहाउस (टेम्परेरी शेड) को भी नियमों में सरलीकरण के साथ योजना के दायरे में शामिल करने का आग्रह किया। उनका मानना है कि इससे व्यापारियों और उद्योग से जुड़े लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
जनहित में फैसले की उम्मीद
FJCCI ने उम्मीद जताई कि सरकार इन सुझावों पर सकारात्मक विचार करेगी, जिससे योजना का लाभ व्यापक स्तर पर आम नागरिकों और व्यापारिक वर्ग तक पहुंच सकेगा।

