मांडर | संवाददाता
मांडर टोल प्लाजा पर बीती रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। शादी में शामिल होने जा रहे 50-60 लोगों का समूह देखते ही देखते आक्रामक हो गया और टोल कर्मियों पर हमला बोल दिया। कुछ ही देर में शांत माहौल जंग के मैदान में तब्दील हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों का समूह जबरन टोल प्लाजा में घुस आया और लाठी-डंडों से कर्मचारियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। टोल मैनेजर समेत कई कर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। अचानक हुए इस हमले से पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई और मौके पर मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
आधा दर्जन कर्मचारी गंभीर रूप से घायल
इस हिंसक घटना में टोल मैनेजर सहित करीब आधा दर्जन कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ के सिर पर गहरी चोट आई, जबकि कई लोग खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को रिम्स रेफर किया गया।
सुनियोजित हमले का आरोप, FIR दर्ज
टोल मैनेजर ने आरोप लगाया है कि मामूली विवाद के बाद भीड़ ने सुनियोजित तरीके से हमला किया। इस मामले में मांडर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने हमलावरों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
इलाके में तनाव, पुलिस अलर्ट
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


