मेदिनीनगर/पलामू/डेस्क : पलामू जिले के मेदिनीनगर स्थित सदर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। तिलक समारोह में शामिल होकर लौट रही 51 वर्षीय महिला की कुएं में गिरने से मौत हो गई। शुक्रवार सुबह जब कुएं से शव बरामद किया गया, तो पूरे गांव में मातम पसर गया।
मृतका की पहचान शांति देवी (51) के रूप में हुई है, जो चियांकी पंचायत के सलैया टोला की निवासी थीं।
रात में समारोह से निकलीं, घर नहीं पहुंचीं
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात गांव में गोतिया परिवार के यहां तिलक समारोह आयोजित था, जिसमें शांति देवी भी शामिल हुई थीं। बताया जा रहा है कि वह रात करीब तीन बजे तक कार्यक्रम में मौजूद थीं। इसके बाद वह घर के लिए निकलीं, लेकिन घर नहीं पहुंचीं, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई।
सुबह चप्पल देखकर हुआ शक, कुएं में मिला शव
शुक्रवार सुबह जब ग्रामीण उसी रास्ते से गुजर रहे थे, तो कुएं के पास महिला की चप्पल पड़ी दिखी। लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। जब कुएं में झांककर देखा गया, तो अंदर शांति देवी का शव नजर आया। यह दृश्य देखते ही गांव में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया शव
सूचना मिलते ही सदर थाना के एएसआई समाल अहमद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कुआं काफी गहरा होने के कारण शव निकालने में काफी कठिनाई हुई। लंबे प्रयास के बाद शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया गया।
प्राथमिक जांच में हादसे की आशंका
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह मामला दुर्घटना प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि महिला रात के अंधेरे में घर लौटते समय संतुलन बिगड़ने से कुएं में गिर गई। परिजनों ने भी किसी साजिश या हत्या की संभावना से फिलहाल इनकार किया है।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
सदर थाना प्रभारी लाल जी ने बताया कि घटना की सूचना सुबह मिली। फिलहाल मामला हादसा लग रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
