लगातार दूसरे दिन भी जारी मुठभेड़, अब तक 6 जवान हो चुके हैं घायल, इलाके में हाई अलर्ट
चाईबासा | संवाददाता
झारखंड के चाईबासा स्थित सारंडा जंगल में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच चल रही मुठभेड़ के दौरान गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। सर्च ऑपरेशन के बीच नक्सलियों द्वारा प्लांट किया गया IED ब्लास्ट हो गया, जिसमें CRPF की कोबरा बटालियन के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में जवान अभिनव कुमार शामिल हैं। दोनों को तुरंत एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया है।
सर्च ऑपरेशन के दौरान हुआ धमाका
जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबल गुरुवार को जंगल के भीतर सघन सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान पहले से बिछाए गए IED में जोरदार विस्फोट हो गया। अचानक हुए इस धमाके से जवानों में अफरा-तफरी मच गई। घायल जवानों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
दो दिन से जारी है मुठभेड़
सारंडा के घने जंगलों में बुधवार सुबह करीब 10 बजे से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई थी, जो अब तक जारी है। सुरक्षा बल लगातार इलाके में अभियान चला रहे हैं, जबकि नक्सली बीच-बीच में हमले कर रहे हैं।
अब तक 6 जवान हो चुके हैं घायल
इस ऑपरेशन के दौरान अब तक एक इंस्पेक्टर सहित कुल 6 जवान घायल हो चुके हैं। बुधवार शाम को इंस्पेक्टर और तीन जवानों को एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया था। इसके बाद देर रात एक और जवान घायल हुआ, जिसे इलाज के लिए भेजा गया। गुरुवार के ताजा ब्लास्ट में दो और जवान जख्मी हो गए हैं।
इलाके में हाई अलर्ट, ऑपरेशन जारी
घटना के बाद पूरे सारंडा इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सुरक्षाबलों ने जंगल में घेराबंदी तेज कर दी है और सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, ऑपरेशन अभी जारी है और नक्सलियों को पूरी तरह घेरने के प्रयास किए जा रहे हैं।

