बहरागोड़ा/डेस्क: झारखंड के बहरागोड़ा स्थित पानीपाड़ा गांव के निकट Subarnarekha River (स्वर्णरेखा नदी) से मिले द्वितीय विश्व युद्ध कालीन अमेरिकी बम को Indian Army ने सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया। बम को डिफ्यूज करने के दौरान जोरदार धमाका हुआ, जिसके साथ आसमान में कई मीटर तक धुएं का घना गुबार उठता दिखाई दिया।
सूत्रों के अनुसार, सेना की विशेषज्ञ टीम ने जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर बम को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर निष्क्रिय करने की पूरी प्रक्रिया अपनाई। कार्रवाई से पहले पूरे इलाके की घेराबंदी की गई और आसपास के नागरिकों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा सावधानी बरतने की हिदायत दी गई थी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच कार्रवाई
सेना की बम निरोधक टीम ने सभी आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन करते हुए बम को नियंत्रित तरीके से नष्ट किया। इस दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि या नुकसान की सूचना नहीं है।
द्वितीय विश्व युद्ध से जुड़ा बताया जा रहा बम
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बरामद बम द्वितीय विश्व युद्ध के समय का अमेरिकी बम बताया जा रहा है, जो लंबे समय से नदी में दबा हुआ था। इसके मिलने से इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया था।
प्रशासन और सेना की तत्परता से टला बड़ा खतरा
समय रहते बम को निष्क्रिय कर दिए जाने से एक बड़े हादसे की आशंका टल गई। स्थानीय प्रशासन और सेना की मुस्तैदी से इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है।

