रांची/डेस्क : राजधानी रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र से तीन नाबालिग बच्चों के लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। पिछले दो दिनों से बच्चों का कोई पता नहीं चल सका है, जिससे परिजनों के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है।
लापता बच्चों की पहचान विवेक टोप्पो, अनिकेत और सूरज कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पढ़ाई को लेकर डांट पड़ने के बाद तीनों बच्चे घर से निकल गए थे और तब से वापस नहीं लौटे।
पुलिस की छापेमारी जारी, अब तक खाली हाथ
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। हालांकि अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस टीम लगातार जांच और खोजबीन में जुटी हुई है।
दोस्त थे सभी बच्चे, कोकर इलाके में दिखे थे आखिरी बार
पुलिस को एक अन्य बच्चे के लापता होने की भी सूचना मिली थी, जिसे सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। पूछताछ में उसने बताया कि सभी लापता बच्चे आपस में दोस्त हैं। उसने यह भी जानकारी दी कि कुछ दिन पहले तीनों बच्चों को कोकर इलाके में राहगीरों से पैसे मांगते हुए देखा गया था। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला है।
पुलिस की अपील : जानकारी मिले तो तुरंत दें सूचना
रांची पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को भी ये बच्चे कहीं दिखाई दें या उनके बारे में कोई जानकारी मिले, तो तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें।
परिजनों की चिंता बढ़ी
बच्चों के अचानक लापता होने से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि बच्चों को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।


