24 जिलों में 2.18 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल, 103 पदों के लिए मुकाबला
रांची/डेस्क :
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा आयोजित सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 आज पूरे राज्य में आयोजित की जा रही है। परीक्षा का संचालन झारखंड एकेडमिक काउंसिल की देखरेख में किया जा रहा है, जिसमें राज्य के सभी 24 जिलों में बनाए गए केंद्रों पर अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।
इस वर्ष परीक्षा के लिए कुल 560 केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 2 लाख 18 हजार अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। यह परीक्षा कुल 103 पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित की जा रही है, जिससे अभ्यर्थियों के बीच कड़ा प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रहा है।
दो पालियों में होगी परीक्षा
परीक्षा को सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए इसे दो पालियों में आयोजित किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
नकल और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त इंतजाम किए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा, केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
प्रशासन सतर्क
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए हर स्तर पर निगरानी की जा रही है और किसी भी तरह की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
