कोयलांचल क्षेत्र में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब महाप्रबंधक कार्यालय के बाहर अचानक नकाबपोश अपराधियों ने फायरिंग कर दी। अपराधियों ने ऑफिस के मुख्य गेट के पास चार राउंड हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में डर और घबराहट का माहौल बन गया और पूरा क्षेत्र तनावपूर्ण हो गया।
बैठक के बाद निकले यूनियन नेता पर हमला
जानकारी के अनुसार, यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन (एटक) के सचिव गफ्फार अंसारी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर महाप्रबंधक कार्यालय पहुंचे थे। बैठक समाप्त होने के बाद जैसे ही वे बाहर निकले, पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
इस अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
बाइक में तोड़फोड़, मची भगदड़
हमलावरों ने मौके पर खड़ी एक बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। फायरिंग और मारपीट की इस घटना से पूरे क्षेत्र में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिससे लोगों में और अधिक दहशत फैल गई।
पुलिस पहुंची, हमलावर फरार
घटना की सूचना मिलते ही भौंरा ओपी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी हमलावर फरार हो चुके थे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

