चाईबासा (पश्चिमी सिंहभूम)। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में जंगली हाथी का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। 6 जनवरी की रात नोवामुंडी प्रखंड के जेटेया थाना क्षेत्र स्थित बाबरिया गांव में हाथी के हमले से एक ही परिवार के पांच लोगों समेत कुल सात लोगों की मौत हो गई।
बाबरिया गांव में हाथी ने घर पर हमला कर सनातन मेराल, उनकी पत्नी जोंकों कुई, दो मासूम बच्चों और दूसरे परिवार के मोगदा लागुरी को कुचल दिया। इस हमले में परिवार का एक बच्चा किसी तरह जान बचाने में सफल रहा।
इसी रात बड़ा पासीया और लांपाईसाई गांव में भी हाथी के हमले में दो ग्रामीणों की मौत हो गई।वन विभाग के अनुसार, 1 से 6 जनवरी के बीच हाथी के हमलों में अब तक 17 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सबसे ज्यादा घटनाएं गोइलकेरा, टोंटो और नोवामुंडी प्रखंड में हुई हैं।घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
वन विभाग और प्रशासन की टीमें हाथी की निगरानी कर रही हैं। मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने और सुरक्षा के इंतजाम तेज करने की बात कही जा रही है।


