रांची। झारखंड में पुलिस महानिदेशक (DGP) की नियुक्ति को लेकर लंबे समय से बना संशय अब जल्द खत्म होने वाला है। सूत्रों के अनुसार, वर्तमान प्रभारी डीजीपी तदाशा मिश्रा को सेवा विस्तार देने से संबंधित कोई भी फाइल सरकार के स्तर पर आगे नहीं बढ़ाई गई है।
ऐसे में प्रबल संभावना है कि 1 जनवरी 2026 को झारखंड को नया पुलिस महानिदेशक मिल जाएगा।बताया जा रहा है कि डीजीपी की नियुक्ति के लिए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नामों का पैनल अब तक संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) को नहीं भेजा गया है। इस स्थिति में राज्य सरकार अपनी ही अधिसूचित डीजीपी चयन एवं नियुक्ति नियमावली–2024 के तहत नए डीजीपी की नियुक्ति कर सकती है, जिसे फरवरी 2025 में मंजूरी दी गई थी।
डीजीपी की दौड़ में ये तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सबसे आगे
• अनिल पालटा (IPS, 1990 बैच)वर्तमान में रेल डीजी के पद पर कार्यरत, वरिष्ठता और लंबा प्रशासनिक अनुभव मजबूत दावेदारी बनाता है।
• प्रशांत सिंह (IPS, 1992 बैच)फिलहाल डीजी वायरलेस के पद पर पदस्थापित तकनीकी और ऑपरेशनल पुलिसिंग में अच्छी पकड़।
• मनविंदर सिंह भाटिया (IPS, 1992 बैच)वर्तमान में डीजी होमगार्ड एवं फायर सर्विस, आपदा प्रबंधन और आंतरिक सुरक्षा का व्यापक अनुभव।
अब सबकी निगाहें राज्य सरकार के फैसले पर टिकी हैं कि वह यूपीएससी पैनल का इंतजार करती है या अपनी नियमावली के तहत सीधे राज्य को नया पुलिस प्रमुख सौंपती है।


