रांची। आय से अधिक संपत्ति मामले में फंसे निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे से जुड़े काले धन नेटवर्क की परतें खुलती जा रही हैं। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की जांच में अब इरफान इकबाल नाम का नया संदिग्ध सामने आया है।
एसीबी की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि इरफान इकबाल के खाते से विनय चौबे के साले शिपिज त्रिवेदी के पंजाब नेशनल बैंक और एक्सिस बैंक खातों में करीब 25 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। यह राशि RTGS, NEFT और IMPS के जरिए भेजी गई। जांच एजेंसी को शक है कि इरफान इकबाल काले धन को सफेद करने वाले सिंडिकेट का हिस्सा हो सकता है। इस कड़ी की गहन जांच की जा रही है।
एसीबी ने शिपिज त्रिवेदी से जुड़ी कई कंपनियों—स्काईफ्लायर्स बिजनेस एडवाइजर्स, ब्रह्मास्त्र एजुकेशन और ट्रिवटर्फ इंफ्रास्ट्रक्चर—के बैंक खातों की भी जांच की है। एजेंसी को संदेह है कि ये कंपनियां केवल कागजों पर थीं और धन शोधन के लिए इस्तेमाल की गईं।
वहीं, एसीबी ने स्निग्धा सिंह के नियंत्रण वाले महिंद्रा और टाटा मोटर्स के शोरूम्स में छापेमारी कर दस्तावेज जब्त किए हैं। स्निग्धा सिंह फिलहाल फरार हैं।आज इरफान इकबाल को समन कर पूछताछ के लिए बुलाया गया है। एसीबी को उम्मीद है कि इस पूछताछ से पूरे मनी ट्रेल का बड़ा खुलासा हो सकता है।

