लातेहार | बालुमाथएनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड की नॉर्थ धाधू कोल परियोजना (पूर्वी भाग, बालुमाथ) के विरोध में ग्रामीण दूसरे दिन भी एकजुट रहे। एफआरए के तहत प्रस्तावित ग्रामसभा के खिलाफ शनिवार को बिशनपुर में आमसभा आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता ग्रामप्रधान जगदेव उरांव ने की।
ग्रामीणों ने कहा कि यह भूमि उनके पूर्वजों की है, जिस पर वे पीढ़ियों से काबिज हैं। सरना समिति के प्रखंड सचिव शंकर उरांव ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रशासन के संरक्षण में दलालों के जरिए जमीन हड़पने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर खेतिहर जमीन एनटीपीसी को नहीं दी जाएगी।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जमीन हस्तांतरण में कंपनी को संरक्षण न देने और जल-जंगल-जमीन की रक्षा में सहयोग की मांग की। आमसभा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण मौजूद रहे।


