लातेहार। रविवार दोपहर लातेहार जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें चार महिलाओं समेत पाँच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना महुआडांड़ थाना क्षेत्र के ओरसा बंगलादारा घाटी में करीब 2 से 2:30 बजे के बीच हुई।
जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के बलरामपुर से लोध गांव लोटा-पानी के लिए जा रही बस महुआडांड़ की ओर आ रही थी। बस में 70 से 80 लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक बस का ब्रेक फेल हो गया, जिसके बाद बस अनियंत्रित होकर घाटी में पलट गई।
हादसे में कई दर्जन बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और पुरुष घायल हो गए। आसपास के ग्रामीणों की मदद से मौके पर एंबुलेंस भेजी गई और राहत कार्य शुरू किया गया।घटना की सूचना मिलते ही महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और कार्मेल अस्पताल भेजा, जहाँ डॉक्टर घायलों का उपचार कर रहे हैं।


