धनबाद: ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर रोक लगाने के लिए धनबाद ट्रैफिक पुलिस ने बुधवार को शहर में व्यापक अभियान चलाया .काला शीशा हटाओ अभियान के तहत रणधीर वर्मा चौक पर वाहनों की सघन जांच की गई. इस दौरान कई चारपहिया वाहनों से काला शीशा (ब्लैक फिल्म) उतरवाया गया और नियम तोड़ने वालों से मौके पर जुर्माना भी वसूला गया.कार्रवाई के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने यह साफ कर दिया कि नियमों के मामले में किसी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी.यहां तक कि झामुमो के एक वरीय नेता का पुत्र भी इस अभियान की जद में आ गया और उसे चालान भरना पड़ा. इससे यह संदेश गया कि कानून सबके लिए समान है.इस संबंध में ट्रैफिक इंस्पेक्टर लव कुमार ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश पर यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है .इसके तहत केवल ब्लैक फिल्म ही नहीं बल्कि अन्य ट्रैफिक नियमों का भी सख्ती से पालन कराया जा रहा है. सीट बेल्ट, डिज़ाइनर नंबर प्लेट और दोपहिया वाहनों पर डबल हेलमेट की जांच भी प्राथमिकता से की जा रही है.उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा और किसी भी नियम तोड़ने वाले को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना और सड़क हादसों पर अंकुश लगाना है.


