गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरी की घटनाएं काफी बढ़ गई है। बता दे कि बीती रात चोरों ने क्षेत्र में आतंक मचाते हुए एक साथ चार घरों में धावा बोला और नगद व जेवरात सहित लगभग 7 लाख रुपये की सम्पत्ति पर हाथ साफ कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, बड़की सरिया निवासी धनेश्वर मंडल के घर से ढाई लाख नगद तथा सोना-चांदी के जेवरात मिलाकर लगभग 5 लाख रुपये की चोरी हुई। गोविंद स्वर्णकार के घर से चोरों ने 15 हजार रुपये नकद उड़ा लिए।सहदेव मंडल के घर से करीब 15 हजार रुपये नकद और कुछ जेवरात गायब हो गए। वहीं संतोष मंडल के घर से 5 हजार रुपये नगद व जेवरात मिलाकर करीब 50 हजार रुपये की चोरी हुई। पीड़ित परिवारों ने बताया कि चोर छत के दरवाजे को तोड़कर घर के अंदर घुसे और पूरी वारदात को अंजाम दिया। परिजनों को इसकी जानकारी सुबह जगने पर हुई। सूचना मिलते ही सरिया पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रही वारदातों से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस ने कहा है कि जांच पड़ताल की जा रही है, जल्द ही चोर पुलिस की गिरफ्त में होंगें।


