रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचार को गंभीर विषय बताते हुए कहा है कि एक विशेष धर्म को निशाना बनाया जा रहा है और इसका असर भारत पर भी पड़ रहा है। पार्टी ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से स्पष्ट है कि हमारे देश को भी टारगेट किया जा रहा है।JMM ने केंद्र सरकार से इस मुद्दे पर सख्त कदम उठाने की मांग की है।
पार्टी का कहना है कि यदि पड़ोसी देश में जाकर भड़काऊ भाषण दिए जाएंगे, तो उसका प्रतिकार भी स्वाभाविक रूप से देखने को मिलेगा। ऐसे में चुनावी लाभ से ऊपर उठकर देशहित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। JMM ने स्पष्ट किया कि यदि केंद्र सरकार कड़ा रुख अपनाती है, तो पूरा देश उसके साथ खड़ा होगा।
रणधीर सिंह के नेतृत्व में जामताड़ा में विरोध मार्च
बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में देश के विभिन्न राज्यों में प्रदर्शन जारी हैं। इसी क्रम में बुधवार (24 दिसंबर) को झारखंड के जामताड़ा में भाजपा नेता रणधीर सिंह के नेतृत्व में विरोध मार्च निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला दहन किया।रणधीर सिंह ने कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर लगातार अत्याचार किया जा रहा है, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि भारत सरकार इस मुद्दे पर सख्त रुख अपनाए और बांग्लादेश सरकार पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दबाव बनाए, ताकि वहां रह रहे हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।


