ताज़ा खबरें

Copyright © 2025 swatantraawaj.com . All Right Reserved.

शहीद आरक्षियों के परिजनों को मुख्यमंत्री ने सौंपा 1.10-1.10 करोड़ का चेक, राज्य सरकार बनाएगी आवासीय विद्यालय

रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने रविवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय, कांके रोड, रांची में पलामू जिला बल के शहीद आरक्षी सुनील कुमार राम एवं संतन कुमार मेहता के परिजनों से मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दोनों शहीदों के परिजनों को स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के पुलिस सैलरी पैकेज के तहत 1 करोड़ 10 लाख – 1 करोड़ 10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता राशि का चेक सौंपा। मुख्यमंत्री ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, “शहीद जवानों का बलिदान राज्य कभी नहीं भूलेगा। झारखंड उनके ऋण से सदा बंधा रहेगा। राज्य सरकार शहीदों के परिवारों के साथ हर कदम पर खड़ी है।

शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में विशेष पहल

मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि शहीद पुलिसकर्मियों के बच्चों को राज्य सरकार निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करेगी। इसके लिए रांची में एक आधुनिक आवासीय विद्यालय की स्थापना की जाएगी। उन्होंने बताया कि विद्यालय के लिए झारखंड जगुआर परिसर में चार एकड़ भूमि चिन्हित कर ली गई है और इसे पुलिस विभाग द्वारा संचालित किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि सरकार पुलिस विभाग के लिए एक विशेष अस्पताल के निर्माण की योजना पर भी कार्य कर रही है, जिससे पुलिस परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

क्लर्क की नौकरी और सेवांत लाभ

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने जानकारी दी कि शहीदों की पत्नी दोनों स्नातक उत्तीर्ण हैं और पुलिस विभाग के नियमों के तहत उन्हें क्लर्क की नौकरी प्रदान की जाएगी। साथ ही शहीद परिवारों को पेंशन सहित सभी सेवांत लाभ शीघ्र ही उपलब्ध कराए जाएंगे।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहीद परिजनों को सभी लाभों की त्वरित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

मुख्यमंत्री ने परिजनों से की आत्मीय बातचीत

मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने शहीदों के माता-पिता, पत्नी, बच्चों एवं अन्य परिजनों से आत्मीयता से बातचीत की और उनके दर्द को साझा किया। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार शहीद परिवारों के दुःख-दर्द को गहराई से समझती है। आप अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दें और मजबूत मन से जीवन को आगे बढ़ाएं।

सम्मान राशि का बेहतर उपयोग करें: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया एवं राज्य सरकार के समन्वय से दी गई यह सम्मान राशि शहीद परिवारों के लिए सहारा बनेगी। उन्होंने परिजनों से अनुरोध किया कि इस राशि का उपयोग बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और सकारात्मक दिशा में करें।

उपस्थित रहे कई वरिष्ठ अधिकारी

इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री राधा कृष्ण किशोर, डीजीपी अनुराग गुप्ता, पलामू एसपी रिष्मा रमेशन, भारतीय स्टेट बैंक रांची अंचल के उप महाप्रबंधक मनोज कुमार, एजीएम रीना कुमारी, मुख्य प्रबंधक विकास कुमार पांडेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Tags :

मुख्य समाचार

लोकप्रिय ख़बरें

स्वतंत्र आवाज़ — आपकी आवाज़, आपके मुद्दे। देश, राज्य और स्थानीय स्तर की निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें, अब आपकी भाषा में।

ताज़ा खबरें

लोकप्रिय समाचार

Copyright © 2025 Swatantrawaj.com  All Right Reserved.