लातेहार जिले के बारेसांढ़ थाना क्षेत्र में मनिका विधायक रामचंद्र सिंह के गारू प्रतिनिधि मनोज यादव की पत्नी रिंकी देवी (43) की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने गांव के ही आरोपी लक्ष्मण यादव (45) पिता नंद कुमार यादव को गिरफ्तार किया है। महुआडांड़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवपूजन बहेलिया ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित छापामारी टीम ने आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पहले महिला के साथ दुष्कर्म किया और फिर कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी मृतका के पति मनोज यादव का दूर का रिश्तेदार है। मामले में थाना कांड संख्या 05/2025 दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में लातेहार जेल भेज दिया गया।गौरतलब है कि रिंकी देवी 26 सितंबर की दोपहर लगभग तीन बजे दातून लेने पास के जंगल गई थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजनों व ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, लेकिन सुराग नहीं मिला। 27 सितंबर को पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त सर्च अभियान चलाया। ड्रोन की मदद से गांव के समीप एक सखुआ पेड़ के नीचे झाड़ियों में छिपा हुआ शव बरामद किया गया।प्रारंभ में ग्रामीणों को आशंका थी कि महिला रास्ता भटक गई है या वज्रपात की चपेट में आई होगी। इस बीच आरोपी सामान्य ढंग से काम करता रहा और ग्रामीणों को गुमराह करने के लिए गलत दिशा में खोज करने की सलाह देता रहा। छापामारी टीम में एसडीपीओ शिवपूजन बहेलिया, बारेसांढ़ थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास, महुआडांड़ महिला थाना प्रभारी सुशीला केसरी, महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार, गारू थाना प्रभारी पारसमणि समेत कई अधिकारी शामिल थे।


