पलामू। हैदरनगर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने खुलेआम कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक गरीब किशोर का बीच बाजार से अपहरण कर लिया। अपहृत किशोर को सुनसान इलाके भाई बिगहा ले जाकर बेरहमी से मारपीट की गई और 50 हजार रुपये की लेवी नहीं देने पर हत्या कर शव रेलवे लाइन पर फेंकने की धमकी दी गई।
इस सनसनीखेज घटना से इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है। पीड़ित किशोर पवन कुमार प्रजापति, निवासी हैदरनगर बाजार, ने थाना में दिए गए लिखित आवेदन में बताया कि करीब सात दिन पूर्व वह एसबीआई बैंक के नीचे स्थित अशोक चाय दुकान पर चाय पी रहा था। उसी दौरान मुमताज नामक युवक अपने तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा।
चाय और सिगरेट पीने के बाद सभी ने उससे जबरन पैसे की मांग की। पैसे देने से इनकार करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
अपहरण कर बेरहमी से की मारपीट
पीड़ित के अनुसार बुधवार की शाम वह पुनः चाय पीने दुकान जा रहा था। इसी दौरान मुमताज और उसके तीन साथियों ने चाय दुकान की सीढ़ियों से जबरन उसे पकड़ लिया। आरोपियों ने उसका मुंह दबाया, मोबाइल छीन लिया और जबरन अपहरण कर भाई बिगहा ले गए।वहां आरोपियों ने पवन के साथ बेरहमी से मारपीट की और 50 हजार रुपये की मांग की। साथ ही धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो उसकी हत्या कर शव रेलवे लाइन पर फेंक दिया जाएगा।
किसी तरह मौका पाकर पवन आरोपियों के चंगुल से भागने में सफल रहा और सीधे हैदरनगर थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस जांच में जुटी, गिरफ्तारी की मांग
पुलिस ने पीड़ित के आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय मुखिया संतोष सिंह ने कहा कि बीच बाजार से किशोर का अपहरण होना यह साबित करता है कि अपराधियों में पुलिस का कोई भय नहीं रह गया है। उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।


