कतरास: शहीद शक्तिनाथ महतो स्मारक इंटर कॉलेज सिजुआ के ताइक्वांडो खिलाड़ी सुधीर कुमार ने 69वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता (अंडर-19 बालक) में स्वर्ण पदक जीतकर कॉलेज और झारखंड दोनों का मान बढ़ाया है। यह प्रतियोगिता 9 से 13 नवंबर 2025 तक जम्मू के इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, भगवती नगर में आयोजित हुई थी।
सुधीर ने 48–51 किलोग्राम भारवर्ग में एक भी राउंड गंवाए बिना शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में सीबीएसई, सेमीफाइनल में महाराष्ट्र और फाइनल में जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ियों को 2-0 से हराकर झारखंड को सत्र 2025-26 का पहला स्वर्ण पदक दिलाया।उनकी इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित शिक्षा विभाग एवं ताइक्वांडो संघ के पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं दीं।
अधिकारियों ने कहा कि सुधीर की मेहनत, अनुशासन और कोच के मार्गदर्शन ने उन्हें यह सफलता दिलाई है।महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार महतो ने बुके, शॉल और माला पहनाकर सुधीर को सम्मानित किया। कोच यमुना प्रसाद और उनके अभिभावकों को भी अंगवस्त्र देकर सम्मान दिया गया। प्राचार्य ने कहा कि सुधीर की सफलता पूरे महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है।
सम्मान समारोह में कॉलेज के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।


