
रांची: राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने नकली और एक्सपायरी कफ सिरप के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। मंत्री ने अधिकारियों को तत्काल जांच का आदेश देते हुए कहा कि जनता की सेहत से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, रांची और आसपास के क्षेत्रों में कुछ दवा माफियाओं ने नकली सिरप छिपाने का प्रयास किया था। सूचना मिलते ही मंत्री ने अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।
मंत्री डॉ. अंसारी ने कहा कि किसी भी मेडिकल दुकान या अस्पताल में नकली या कोडीनयुक्त कफ सिरप पाई गई तो दुकान सील कर दी जाएगी और संचालक को जेल भेजा जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जाए कि सिरप किस कंपनी की है, कहां से आई और किसने इसे फेंका। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमों ने जांच शुरू कर दी है।

