
रांची : राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने शुक्रवार को SNMMCH यानी शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीजी बिल्डिंग 01, 02 और 03 के साथ इमरजेंसी वार्ड समेत अस्पताल की विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। बाद में अस्पताल प्रबंधन के साथ बैठक कर कई अहम मुद्दों पर चर्चा की।
निरीक्षण के बाद मुख्य सचिव ने कहा कि यह दौरा अस्पताल की मौजूदा व्यवस्थाओं को करीब से समझने के लिए किया गया है। राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि सभी मेडिकल कॉलेज बेहतर हों और वहां मरीजों व उनके परिजनों को किसी तरह की परेशानी न हो।
उन्होंने बताया कि अस्पताल को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने, बढ़ते मरीजों के दबाव को बेहतर तरीके से संभालने, डॉक्टरों और फैकल्टी की उपलब्धता बढ़ाने, जमीन के समुचित उपयोग और पुरानी-नई इमारतों को आपस में जोड़ने जैसी जरूरतों का आकलन किया गया है।
मुख्य सचिव ने भरोसा दिलाया कि अस्पताल की कमियों को दूर किया जाएगा और जरूरी आधारभूत ढांचे को विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एसएनएमएमसीएच को आधुनिक अस्पताल बनाने के लिए सरकार हर जरूरी कदम उठाएगी और संबंधित अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श के बाद ठोस फैसले लिए जाएंगे।