
रांची। झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र में बुधवार को तब हंगामा मच गया जब नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस विधायक ममता देवी द्वारा स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर लगाए गए ‘कमीशनखोरी’ के आरोपों का मुद्दा उठाया। मरांडी ने दावा किया कि उनके पास दोनों के बीच हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग है, जिसमें नर्सिंग कॉलेज की NOC के लिए 5 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने इसकी फॉरेंसिक और जरूरत पड़ने पर CBI जांच की मांग की।
संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने इसे कांग्रेस का आंतरिक मामला बताते हुए चर्चा से किनारा कर लिया। विपक्ष के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही कुछ समय के लिए स्थगित करनी पड़ी।
मालूम हो कि कुछ दिन पहले कांग्रेस मुख्यालय में ममता देवी ने सार्वजनिक रूप से मंत्री पर 5 लाख रुपये लेकर भी फाइल आगे न बढ़ाने का आरोप लगाया था, जिसका वीडियो वायरल हो चुका है।
इधर, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने सदन में केंद्र पर असहयोग का आरोप लगाया और कहा कि राज्य को 1.36 लाख करोड़ रुपये का बकाया दिलाने में केंद्र उदासीन है।


