
रांची। नगर निगम चुनाव को लेकर रांची में सियासी माहौल गर्म है। मेयर पद के उम्मीदवारों द्वारा दाखिल शपथ पत्र में संपत्ति और आपराधिक मामलों का ब्योरा सामने आया है। आंकड़ों के अनुसार मेयर प्रत्याशी रोशनी खलखो की संपत्ति पूर्व मेयर रमा खलखो से अधिक है।
शपथ पत्र के मुताबिक रोशनी खलखो के पास कुल 1.76 करोड़ रुपये की संपत्ति है। उनकी वार्षिक आय 6.89 लाख रुपये बताई गई है, जबकि उनके पति सुजीत उरांव की आय 7.06 लाख रुपये है। रोशनी खलखो के नाम पर 46 लाख रुपये और उनके पति के नाम पर 65 लाख रुपये की अचल संपत्ति दर्ज है। इसके अलावा म्यूचुअल फंड और एलआईसी में भी निवेश है।
शपथ पत्र के अनुसार उनके पति पर करीब 11 लाख रुपये का कर्ज भी है। वहीं पूर्व मेयर रमा खलखो की कुल संपत्ति करीब 96 लाख रुपये बताई गई है। इसमें चल और अचल दोनों संपत्तियां शामिल हैं। अचल संपत्ति में आवासीय भवन, दुकान और अन्य संपत्तियां शामिल हैं।
आपराधिक मामलों की बात करें तो रोशनी खलखो के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज हैं — सुखदेव नगर थाना कांड संख्या 5/2021 और लालपुर थाना कांड संख्या 29/2022। लालपुर मामले में उन्हें 3 फरवरी 2026 को जमानत मिल चुकी है।
वहीं रमा खलखो के खिलाफ लातेहार थाना कांड संख्या 92/2013 में आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत एक मामला दर्ज है, जो अदालत में विचाराधीन है।नगर निगम चुनाव में अब उम्मीदवारों की संपत्ति और मामलों को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है।
